भाजपा और कांग्रेस की पहली सूची आज

भोपाल। विधानसभा चुनाव में मतदान के लिए अब केवल 26 दिन शेष हैं लेकिन दोनों ही प्रमुख दलों ने अब तक उम्मीदवार तय नहीं किए हैं। संभावना व्यक्त की जा रही है कि भाजपा और कांग्रेस द्वारा आज गुरुवार को कुछ नामों की सूची जारी की जा सकती है।
सूत्रों के अनुसार कांग्रेस प्रत्याशियों के नाम तय करने के लिए भोपाल में हुई कई बैठकों के बाद दिल्ली में स्क्रीनिंग कमेटी की भी 10 से अधिक बैठकें हो चुकी हैं। भाजपा की भी भोपाल और दिल्ली में कई बैठकें हो चुकी हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस की पहली सूची में करीब 70 नाम हो सकते हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने मीडिया से कहा है कि गुरुवार शाम तक पहली सूची जारी कर दी जाएगी।
प्रदेश भाजपा ने प्रत्याशियों के नाम तय करने के लिए तीन बार सर्वे कराए थे। इन सर्वे के आधार पर केंद्रीय समिति नाम तय करेगी। प्रदेश भाजपा द्वारा केंद्रीय समिति को नाम भेजे गए हैं लेकिन इनमें बदलाव की संभावना बताई जा रही है। भाजपा की पहली सूची भी गुरुवार को ही जारी होगी। दोनों ही दलों द्वारा देरी किए जाने से प्रत्याशियों की मुसीबत बढ़ती जा रही है। अब मतदान में 26 दिन शेष हैं। इस बीच दीपावली और देवउठनी ग्यारस भी है। त्यौहार के दौरान जनसंपर्क का सिलसिला टूटेगा अर्थात कम समय में नेताओं को अधिक मेहनत करनी होगी।