बर्थडे पर मिली बाइक से गई जान

नई दिल्ली। परिजनों ने जूनियर डॉक्टर को एक महीने पहले ही जन्मदिन पर महंगी बाइक गिफ्ट की थी। इसी बाइक पर सवारी करते हुए डॉक्टर व उनके साथी ने जान गवां दी। दोनों दिल्ली के सिग्नेचर ब्रिज से करीब 50 फीट नीचे आ गिरे। बाइक सड़क के डिवाइडर से टकराई जिससे संतुलन बिगड़ गया।
मृतकों के नाम हैं- डॉ. सत्य विजय शंकरन और डॉ. चंद्रशेखर। पुलिस ने बताया कि डॉ. सत्य का परिवार नालंदा का निवासी है। पिता डॉ. सतीशचंद्र शंकरन रांची के मेडिकल कॉलेज में कार्यरत हैं भाई सत्यप्रकाश भी डॉक्टर हैं। अक्टूबर में डॉ. सत्य के जन्मदिन पर परिजनों ने उन्हें हाई स्पीड बाइक गिफ्ट की थी। डॉ. सत्य दिल्ली के हिंदू राव मेडिकल कॉलेज के होस्टल में रहते थे।
पुलिस ने बताया कि डॉ. चंद्रशेखर और डॉ. सत्य अच्छे दोस्त थे। चंद्रशेखर ने पिछले महीने परिजनों से मोबाइल खरीदने के लिए रुपए मांगे थे। परिजनों ने उनसे कुछ दिन इंतजार करने को कहा था। यह बात डॉ. सत्य को पता चली तो उन्होंने फोन खरीदकर चंद्रशेखर को गिफ्ट कर दिया था। चंद्रशेखर का परिवार भी बिहार का रहने वाला है। दुर्घटना की खबर गत दिवस सुबह जब टीवी पर आई तो सत्य के परिजनों ने खबर देखी थी लेकिन उस समय मृतकों के नाम नहीं बताए गए थे। बाद में पुलिस ने मोबाइल पर कॉल कर परिजनों को सूचना दी। पुलिस का कहना है कि यह जांच की जा रही है कि दुर्घटना के समय बाइक की स्पीड कितनी थी? क्या अधिक स्पीड ही दुर्घटना का कारण बनी या कोई अन्य कारण था?