पुलिस इंस्पेक्टर को गोली मारी

लखनऊ। उत्तरप्रदेश के बुलंदशहर में एक खेत में गोवंश का शव मिलने के बाद भारी हंगामा हुआ। लोगों का आरोप है कि गोवंश की हत्या की गई है। पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए गोली चलाई, जिससे एक युवक घायल हो गया। इसके बाद भीड़ ने थाने पर हमला कर दिया। तोड़फोड़ और आगजनी भी की गई। इसी बीच भीड़ में से किसी ने गोलियां चलाईं। गोली लगने से पुलिस इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार बुलंदशहर के स्याना के एक गांव के खेत में गोवंश का शव मिलने के बाद तनाव व्याप्त हो गया। घटना के विरोध में लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। पुलिस जाम को खुलवाने पहुंची। पहले लोगों से चर्चा कर उन्हें समझाईश दी गई लेकिन बात नहीं बनी। पुलिस ने हजारों लोगों की भीड़ को हटाने के लिए गोली चला दी। गोली लगने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद भीड़ बेकाबू हो गई। लोगों ने थाने में घुस कर तोड़फोड़ कर दी। पुलिस की वेन सहित कई अन्य वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। काफी देर तक पुलिस पर पथराव भी किया गया। भीड़ में से किसी ने गोलियां चलाईं। गोली लगने से पुलिस इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज किया है। इसके अलावा थाने पर हमला, तोड़फोड़ व आगजनी के मामले में भी केस दर्ज किए गए हैं। पूरे क्षेत्र में माहौल तनावपूर्ण है। आसपास के जिलों से पुलिस फोर्स वहां भेजा गया है।