सीएम शिवराजसिंह ने दिया इस्तीफा

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने बुधवार सुबह अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंप दिया। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने इस्तीफा मंजूर कर लिया है।
पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव की मतगणना में कांग्रेस तीन राज्यों राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। राजस्थान में कांग्रेस को 99 सीटें मिलीं। वहीं बीजेपी के खाते में 73 सीटें आईं। मध्यप्रदेश में सरकार बनाने की तस्वीर अब जाकर साफ हो पाई है। कांग्रेस 114 सीटें लेकर बहुमत से दो सीट दूर थी इसी बीच मायावती ने समर्थन देकर कांग्रेस का सरकार बनाने का रास्ता साफ कर दिया। बसपा को मप्र में 2 सीटें मिली हैं। इसके अलावा कांग्रेस के 4 बागी प्रत्याशी भी चुनाव जीत चुके हैं। बताया जा रहा है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने उनसे चर्चा कर ली है। उन्हें कांग्रेस में शामिल कर लिया जाएगा। सपा को भी प्रदेश में 1 सीट मिली है। सपा भी कांग्रेस को समर्थन देने को तैयार है। मप्र में भाजपा 109 सीटें हासिल कर दूसरी बड़ी पार्टी बनी है लेकिन बहुमत (116 सीटें) नहीं मिल पाने की वजह से सत्ता कायम नहीं रख सकी। मौजूदा सीएम शिवराजसिंह चौहान ने बुधवार सुबह पराजय स्वीकार करते हुए राज्यपाल को इस्तीफा सौंप दिया। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत हासिल हुआ है। वहां बीजेपी 20 सीटों तक भी नहीं पहुंच पाई। पिछले चुनाव के मुकाबले भाजपा को 33 सीटों का नुकसान हुआ है। मिजोरम में कांग्रेस के 10 साल के शासन का अंत हो गया है। यहां एमएनएफ ने 26 सीटों पर जीत के साथ बहुमत की सरकार बना ली है। उधर तेलंगाना में केसीआर की टीआरएस ने फिर से सरकार बनाई है।