चार्टर्ड बस की टक्कर से अधिकारी की मौत

इंदौर। इंदौर-भोपाल मार्ग पर आज शुक्रवार सुबह सड़क दुर्घटना में झाबुआ के महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी रणजीतसिंह जमरा का निधन हो गया। दुर्घटना सोनकच्छ में हुई। जमरा स्कॉर्पियो में सवार थे। वे विभागीय बैठक में शामिल होने के लिए भोपाल जा रहे थे। वर्मा ट्रेवल्स की चार्टर्ड बस ने स्कॉर्पियो को पीछे से टक्कर मार दी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि घटनास्थल पर ही जमरा की मृत्यु हो गई। उनके ड्राइवर को गंभीर चोटें आई हैं। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्कॉर्पियो को टक्कर मारने के बाद ड्राइवर ने संतुलन खो दिया। बस सड़क से नीचे उतर गई और पेड़ों के सहारे टिक गई। यदि पेड़ नहीं होते तो बस पलट जाती। पुलिस के अनुसार बस ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया है। उसने बताया कि घने कोहरे के कारण उसे स्कॉर्पियो दिखाई नहीं दी। दुर्घटना के कुछ ही मिनट बाद देवास की महिला एवं बाल विकास अधिकारी सुनीता यादव वहां से गुजरीं। वे भी बैठक में शामिल होने के लिए भोपाल जा रही थीं। उन्होंने दुर्घटना स्थल पर रुक कर जानकारी ली तब पता चला कि उनके ही विभाग के अधिकारी श्री जमरा दुर्घटना के शिकार हो गए हैं। सुनीता यादव भोपाल जाने की बजाए वहीं रुक गईं। उन्होंने घायल ड्राइवर को अस्पताल पहुंचाया और श्री जमरा के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की व्यवस्था की। पोस्टमॉर्टम के बाद उन्होंने शव को झाबुआ भिजवाया गया।