83 पूर्व अधिकारियों ने सीएम से मांगा इस्तीफा

लखनऊ। यूपी के बुलंदशहर में इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह सहित 2 लोगों की हत्या के मामले में जांच की दिशा मोड़ने से नाखुश 83 रिटायर्ड अधिकारियों ने सीएम योगी आदित्यनाथ से इस्तीफे की मांग की है। इन सभी पूर्व अधिकारियों ने खुला खत लिखकर इस्तीफा मांगा है।
पूर्व अधिकारियों ने योगी सरकार पर बुलंदशहर हिंसा में इंस्पेक्टर सुबोध सिंह की हत्या की जांच की बजाए इसे गोकशी के आरोपियों की तरफ मोड़ने का आरोप लगाया है। पत्र में कहा गया है कि हिंसा फैलाने वाले आरोपियों की बजाए पुलिस गोकशी के आरोपियों को पकड़ने में जुटी है। हिंसा के नामजद आरोपियों को अब तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। मुख्यमंत्री ने इसे सांप्रदायिक एजेंडे के तहत फैलाई गई हिंसा माना था लेकिन अब फोकस गोकशी और इसके आरोपियों की तरफ शिफ्ट हो गया है। इस कारण घटना की ठीक तरह से जांच नहीं हो पा रही है। उधर पुलिस का कहना है कि बुलंदशहर हिंसा के आरोपियों पर कार्रवाई की जा रही है। एक और आरोपी विशाल त्यागी ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया है। हालांकि मुख्य आरोपी योगेश राज अब तक फरार है। अब तक 18 आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है।