मुंबई में बसों की हड़ताल

मुंबई। मुंबई में बेस्ट बसों के कर्मचारियों की हड़ताल आठवें दिन आज भी जारी है। बस ड्राइवर और कंडक्टर डिपो के बाहर मौजूद हैं लेकिन मांगें पूरी नहीं होने तक उन्होंने कामकाज शुरू नहीं करने का ऐलान किया है। मुंबई के 27 डिपो में से एक भी बस बाहर नहीं आई। बेस्ट प्रबंधन की कड़ी चेतावनी का कर्मचारियों पर कोई असर नहीं हुआ। बेस्ट प्रबंधन ने बुधवार को 300 कर्मचारियों पर मेस्मा (महाराष्ट्र एसेंशल सर्विसेस मेंटेनेंस एक्ट) लागू कर दिया और 2 हजार कर्मचारियों को स्टाफ क्वार्टर खाली करने का आदेश दिया है। मेस्मा लगाने के बावजूद कर्मचारियों पर कोई असर नहीं हुआ। बेस्ट परिवहन की शिवसेना शाखा द्वारा हड़ताल समाप्त करने की घोषणा करने के बावजूद हड़ताल जारी है। उधर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने भी हड़ताली कर्मचारियों के समर्थन की घोषणा की है। बेस्ट ने अब तक 300 कर्मचारियों को मेस्मा के तहत नोटिस दिए हैं।