खंडूरी के बेटे कांग्रेस में शामिल

देहरादून। उत्तराखंड के कद्दावर भाजपा नेता बीसी खंडूरी के पुत्र मनीष खंडूड़ी शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल हो गए। इसके बाद राहुल औार मनीष ने साथ में जनता का अभिवादन किया। राहुल आज देहरादून के दौरे पर हैं।
मनीष खंडूरी के कांग्रेस में शामिल होने की अटकलें पिछल कुछ दिनों से चल रही थीं। संभावना है कि कांग्रेस उन्हें पौड़ी से टिकट दे सकती है। उनके पिता बीसी खंडूरी इस बार चुनाव नहीं लड़ेंगे। बीसी खंडूरी केंद्रीय मंत्री तथा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। उत्तराखंड में लोकसभा की पांच सीटें हैं और वर्ष 2014 के चुनाव में भाजपा ने सभी सीटों पर विजय हासिल की थी।
वरिष्ठ नेता बी.सी. खंडूरी भाजपा के लिए कितने महत्वपूर्ण हैं इसका अनुमान इस बात से लगाया जा सकता है कि वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने नारा दिया था- खंडूरी हैं जरूरी। पौड़ी लोकसभा सीट भाजपा के लिए बहुत महत्वपूर्ण है लेकिन मनीष खंडूरी के कांग्रेस में शामिल होते ही यहां के राजनीतिक समीकरण बदल गए हैं। मनीष ने दिल्ली से इंजीनियरिंग की डिग्री ली और कैलाग से एमबीए किया। 10 साल तक टर्नर ब्रदर के साथ कार्य किया। पेशे से पत्रकार और आईटी विशेषज्ञ मनीष फेसबुक इंडिया के न्यूज पार्टनरशिप के हेड हैं। उन्होंने बिजनेस स्टैंडर्ड, बिजनेस वर्ल्ड के लिए पत्रकारिता की और सीएनएन के डिजिटल संस्करण से भी जुड़े। वे जय दुर्गा सामाजिक कल्याण संस्था के हेड के रूप में शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी कार्य कर रहे हैं।