महिला कॉन्स्टेबल पर हमला

मथुरा। मथुरा के थाना सदर बाजार क्षेत्र स्थित दामोदरपुरा में एक महिला कॉन्स्टेबल पर कुछ युवकों ने तेजाब से हमला किया। दिया। तेजाब से झुलसी महिला कॉन्स्टेबल को गंभीर अवस्था में आगरा रैफर किया गया है। हमलावर युवक फरार हैं।
महिला कॉन्स्टेबल नीलम दामोदरपुरा में रहती हैं। श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर उनकी ड्यूटी थी। गुरुवार सुबह करीब 5 बजे वे ड्यूटी समाप्ति के बाद घर लौट रही थीं। जैसे ही वे दामोदरपुरा के निकट पहुंची, अचानक कुछ युवक आए और तेजाब से उन पर हमला कर दिया। हमले से घायल महिला कॉन्स्टेबल ने सहायता के लिए चीखते हुए गुहार लगाई। इस दौरान हमलावर वहां से भाग निकले। आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और पुलिस कंट्रोल रूम को सूिचत किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। वरिष्ठ अधिकारी भी वहां पहुंचे। महिला कॉन्स्टेबल को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया लेकिन उनकी हालत गंभीर होने पर तुरंत उन्हें आगरा रैफर कर दिया गया। महिला कॉन्स्टेबल दामोदरपुरा में किराए के मकान में रहती हैं। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।