कोबरा से भिड़े चार पालतू श्वान

पटना। मालिक के प्रति श्वानों (कुत्तों) की वफादारी के किस्से अक्सर सामने आते रहते हैं। बिहार के भागलपुर में भी ऐसा ही एक मामला सामने आया है। चार पालतू श्वानों ने कोबरा सांप से अपने मालिक को बचाने के लिए कोबरा से खूब लड़ाई लड़ी और इस दौरान वे सांप के शिकार हो गए। सांप ने उन्हें काट लिया और विष के प्रभाव से चारों श्वानों की मौत हो गई लेकिन मरने से पहले उन्होंने कोबरा को मार कर अपने मालिक की जान बचा ली। यह पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी में कैद हो गया है।
यह घटना भागलपुर के साहेबगंज कॉलोनी की है। वहां रहने वाली डॉक्टर पूनम मोजेस ने चार श्वान पाल रखे थे। डॉ. पूनम मयागंज अस्पताल में पदस्थ हैं। डॉक्टर के परिजनों ने मीडिया को बताया कि मंगलवार रात सभी श्वान अचानक भौंकने लगे। काफी देर तक उनका भौंकना बंद नहीं हुआ तो डॉक्टर के भाई बॉबी ने बाहर जाकर देखा। वहां का दृश्य देखकर वे हतप्रभ रह गए। चारों श्वान कोबरा सांप को अंदर घुसने से रोकने के लिए लगातार उस पर हमला कर रहे थे। उन्होंने सांप को बुरी तरह जख्मी कर दिया था। कुछ देर बाद तीन श्वान बेहोश होकर गिर गए और उन्होंने दम तोड़ दिया। वे सांप के जहर के शिकार हो गए। चौथा श्वान सांप से लड़ाई लड़ता रहा और कुछ ही देर में उसने सांप का काम तमाम कर दिया। सांप के मरने के कुछ देर बाद चौथे श्वान ने भी जहर के कारण दम तोड़ दिया।
सीसीटीवी में कैद तस्वीरों के मुताबिक एक कोबरा डॉक्टर के घर में प्रवेश करना चाह रहा था। रात्रि में परिजन चारों श्वानों को घर के बाहर कैम्पस में खुला छोड़ देते थे। कोबरा पर नजर पड़ते ही चारों श्वान उस पर टूट पड़े और कोबरा को अंदर नहीं घुसने दिया। इस दौरान वे कोबरा से संघर्ष करते-करते अपने प्राण गंवा बैठे। कोबरा ने चारों को काट लिया। डॉक्टर के परिजनों ने बताया कि चारों श्वान बचपन से ही उनके घर में पले थे। पूरे भागलपुर में इन श्वानों की वफादारी की चर्चा हो रही है।