रोहित के लिए क्यों खास है 13-12

नई दिल्ली। भारतीय ओपनर रोहित शर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ मोहाली में सीरीज के दूसरे वनडे में 208 रन की नाबाद पारी खेल कर कई रेकॉर्ड अपने नाम किए। रोहित का यह वनडे क्रिकेट में तीसरा दोहरा शतक था। वे 3 दोहरे शतक जड़ने वाले एकमात्र क्रिकेटर हैं। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ दूसरी डबल सेंचुरी लगाई। रोहित ने यह मुकाम 13-12-2017 को हासिल किया। यह तारीख रोहित के लिए इसलिए भी खास है क्योंकि 2015 में रोहित की शादी इसी तारीख को रितिका सजदेह से हुई थी। रोहित की इस पारी को देखने के लिए रितिका स्टेडियम में मौजूद थीं। ओपनर रोहित ने 13-12 को इसलिए भी खास बना दिया क्योंकि उन्होंने अपनी 208 रन की पारी में 13 चौके और 12 छक्के लगाए। विराट कोहली की जगह रोहित इस सीरीज में भारत की कप्तानी संभाल रहे हैं। उन्होंने टीम इंडिया की कप्तानी संभालते हुए पहली बार दोहरा शतक और वनडे करियर का 16वां शतक जड़ा। रोहित ने पूर्व भारतीय ओपनर वीरेंदर सहवाग को शतकों के मामले में पछाड़ दिया। सहवाग ने वनडे में 15 शतक जड़े हैं।