केंद्रीय मंत्री बनेंगे राजा जनक

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्द्धन रामलीला में राजा जनक के किरदार में नजर आएंगे। लाल किला मैदान में लवकुश रामलीला के आयोजन में डॉ. हर्षवर्द्धन के अलावा चार अन्य नेता भी अलग-अलग भूमिका में नजर आएंगे। इनमें केंद्रीय राज्यमंत्री विजय सांपला, दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता, दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष और सांसद मनोज तिवारी तथा आम आदमी पार्टी की विधायक अलका लांबा शामिल हैं। केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्द्धन 12 अक्टूबर को राजा जनक के रूप में रामलीला के मंच पर दिखाई देंगे। केंद्रीय राज्यमंत्री विजय सांपला माता पार्वती के पिता हिमालय के किरदार के रूप में मंच पर आएंगे। विजेंद्र गुप्ता अत्रि ऋषि की भूमिका में होंगे। इन दोनों नेताओं को 10 अक्टूबर को मंच पर देखा जा सकेगा। मनोज तिवारी लवकुश रामलीला में अंगद और लाल किला मैदान के दूसरे भाग में आयोजित नवश्री धार्मिक रामलीला में केवट की भूमिका में 17 अक्टूबर को नजर आएंगे। लवकुश रामलीला में अलका लांबा अहिल्या के किरदार में 12 अक्टूबर को शामिल होंगी। रामलीला के आयोजनकों के अनुसार कांग्रेस के कुछ नेताओं से भी चर्चा जारी है और वे भी विभिन्न भूमिका निभाने को तैयार हैं। उनके नामों की घोषणा जल्द ही की जाएगी।