19 किलो वजन लाद कर धोनी करेंगे सेना में ड्यूटी

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और सेना में मानद लेफ्टिनेंट कर्नल महेंद्र सिंह धोनी की सैन्य ड्यूटी बुधवार से शुरू हो रही है। सैन्य ट्रेनिंग में शामिल होने के लिए उन्होंने सेनाध्यक्ष विपिन रावत से अनुमति ली थी।
फिलहाल धोनी 106 टेरिटोरियल आर्मी बटालियन पैरा कमांडो यूनिट में तैनात हैं। वे 15 दिनों तक कश्मीर में आतंकवाद विरोधी यूनिट में ड्यूटी करेंगे। धोनी स्वतंत्रता दिवस भी अपनी यूनिट में ही मनाएंगे। चर्चा है कि उनकी तैनाती घाटी के अवंतीपोरा में की गई है। ड्यूटी के दौरान धोनी पट्रोलिंग, गार्ड और पोस्ट की ड्यूटी भी करेंगे। वे कुल 19 किलो वजन लाद कर पट्रोलिंग करेंगे। इसमें उनकी वर्दी, एके-47 और अन्य सामान का वजन शामिल है। धोनी को शुरू के तीन दिनों तक बेसिक ट्रेनिंग दी जाएगी। उल्लेखनीय है कि धोनी के पहले भी कुछ क्रिकेटरों ने सेना में ड्यूटी की है। भारतीय टीम के पहले कप्तान कर्नल सीके नायडू वर्ष 1923 में होलकर महाराजा के आमंत्रण पर इंदौर पहुंचे थे। होलकर सेना में उन्हें कर्नल का पद दिया गया था। लेफ्टिनेंट कर्नल हेमू अधिकारी का क्रिकेट टेस्ट करियर दूसरे विश्व युद्ध के कारण देरी से शुरू हुआ था। इसके अलावा सर डॉन ब्रैडमैन ने भी सेना में काम किया था।