प्याज 200 रुपए किलो तक पहुंचा

नई दिल्ली। राज्यों और केंद्र सरकार द्वारा प्याज की बढ़ती कीमतों को थामने के लिए किए गए प्रयासों को बिलकुल भी सफलता मिलती नजर नहीं आ रही है। हर दिन प्याज की कीमतें नया रिकॉर्ड बनाती जा रही हैं। मदुराई में सोमवार को प्याज की कीमत 200 रुपए किलो तक पहुंच गर्ई। यह अब तक की सर्वोच्च कीमत है। 

प्याज की बढ़ती कीमतों से लोग परेशान हो गए हैं और सरकार से गुहार लगा रहे हैं कि इस मुद्दे पर ध्यान दिया जाए। सरकार की ओर से कहा जा रहा है कि इस वर्ष लगातार बारिश के कारण प्याज की फसल प्रभावित हुई है और उत्पादन काफी कम हुआ है। प्याज की सर्वाधिक खेती महाराष्ट्र में होती है। देश के कुल उत्पादन का करीब 35 प्रतिशत प्याज महाराष्ट्र से प्राप्त होता है। वर्षा से न केवल महाराष्ट्र बल्कि आंध्रप्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, राजस्थान, गुजरात, मप्र व अन्य राज्यों में प्याज की फसल बुरी तरह प्रभावित हुई है। राज्य सरकारों तथा केंद्र सरकार द्वारा प्याज की कीमतों को थामने और आम लोगों को कम कीमत में प्याज उपलब्ध कराने के लिए कई कदम उठाए गए हैं इसके बावजूद बाजार में कीमत लगातार बढ़ती जा रही है।