प्लेन उड़ते ही यात्रियों के नाक-कान से बहने लगा खून

मुंबई। जेट एयरवेज की आज सुबह मुंबई से जयपुर जा रही फ्लाइट में अफरा-तफरी मच गई। विमान उड़ने के कुछ देर बाद ही 30 यात्रियों की नाक और कान से खून निकलने लगा। अन्य यात्रियों ने तेज सिरदर्द की शिकायत की। अचानक हुई इस घटना के बाद विमान तुरंत मुंबई वापस लौटा। यात्रियों का एयरपोर्ट पर ही उपचार किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कॉकपिट में सवार क्रू मेंबर (पायलट और उनकी टीम) प्रेशर बटन आॅन करना भूल गए थे। इस कारण यह घटना हुई। प्लेन के ऊपर जाने के साथ ही विमान में प्रेशर कम होता गया और यात्रियों को परेशानी शुरू हो गई। प्लेन में 166 यात्री सवार और 5 क्रू मेंबर सवार थे। जेट एयरवेज के प्रवक्ता के अनुसार फ्लाइट के कॉकपिट क्रू को फिलहाल ड्यूटी से हटा दिया गया है। एयरक्राफ्ट एक्सीडेंटल इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (एएआईबी) ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जेट एयरवेज ने बाद में दूसरे विमान से यात्रियों को जयपुर रवाना किया