मुकेश अंबानी भारत में सबसे अमीर

मुकेश अंबानी भारत में सबसे अमीर

मुंबई। फोर्ब्स पत्रिका ने भारतीय अमीरों की सूची जारी कर दी है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी लगातार 11वें वर्ष भी सबसे अमीर भारतीय बने हुए हैं। उनकी संपत्ति इस साल 9.3 अरब डॉलर बढ़ी है। इस साल सबसे अधिक कमाई करने वाले भारतीय भी अंबानी ही हैं। उनकी कुल संपत्ति 47.3 अरब डॉलर बताई गई है। फोर्ब्स इंडिया की भारतीय अमीरों की सूची में विप्रो के चेयरमैन अजीम प्रेमजी इस बार भी दूसरे स्थान पर बने हुए हैं। उनकी संपत्ति में 2 अरब डॉलर की वृद्धि हुई। कुल संपत्ति बढ़कर 21 अरब डॉलर हो गई है। आर्सेलर मित्तल के चेयरमैन लक्ष्मी मित्तल की संपत्ति 1.8 अरब डॉलर बढ़ी है और वे कुल 18.3 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर हैं। हिंदुजा बंधु 18 अरब डॉलर तथा पलोनजी मिस्त्री 15.7 अरब डॉलर के साथ क्रमश: चौथे और पांचवें स्थान पर हैं। शीर्ष 10 अमीर भारतीयों में शिव नाडार (14.6 अरब डॉलर), गोदरेज परिवार (14 अरब डॉलर), दिलीप संघवी (12.6अरब डॉलर), कुमार बिड़ला (12.5 अरब डॉलर) और गौतम अडाणी (11.9 अरब डॉलर) शामिल हैं।