50 हजार मारे गए थे केदारनाथ आपदा में

देहरादून। वर्ष-2013 की केदारनाथ आपदा में पचास हजार से अधिक लोग मारे गए थे। केंद्र सरकार ने पहली बार इस त्रासदी में मारे गए लोगों की संख्या की जानकारी दी है। केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने देहरादून में आयोजित इन्वेस्टर्स समिट के दौरान बताया कि केदारनाथ आपदा में देश भर के 50 हजार से अधिक लोग मारे गए थे। राज्य सरकार अब तक केदारनाथ आपदा में मारे गए लोगों की संख्या करीब 4 हजार 300 बताती आई है जबकि सही संख्या अब केंद्रीय मंत्री ने बताई है। उल्लेखनीय है कि अश्विनी चौबे आपदा के दौरान केदारनाथ धाम में ही फंस गए थे। श्री चौबे ने यह जानकारी भी दी कि केदारनाथ आपदा के मृतकों का यह आंकड़ा उन्होंने आपदा के दौरान ही मौजूदा गृह मंत्री राजनाथ सिंह को भी बता दिया था। यह आपदा प्रकृति एवं पर्यावरण के साथ हुई छेड़छाड़ का नतीजा थी। यदि अब भी इन बातों का ध्यान नहीं रखा गया तो आने वाले समय में फिर इस तरह की विभीषिका का सामना करना पड़ सकता है। उत्तराखंड पर्यटन की बजाए तीर्थाटन की धरती है राज्य के विकास में इस बात का प्रमुखता से ध्यान रखा जाए।