सरदार पटेल की प्रतिमा का अनावरण

अहमदाबाद। गुजरात के केवड़िया में सरदार पटेल की 522 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। पटेल की जयंती के मौके पर आयोजित इस समारोह में कई नेतागण और गणमान्य नागरिक भी उपस्थित थे। प्रतिमा को स्टैच्यू आॅफ यूनिटी नाम दिया गया है। इस प्रतिमा को विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा बताया जा रहा है।
सरदार पटेल की प्रतिमा के निर्माण में करीब 3 हजार करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। यह प्रतिमा नर्मदा नदी पर सरदार सरोवर बांध से करीब साढ़े तीन किलोमीटर दूर स्थापित की गई है। प्रतिमा निर्माण की आधार शिला 31 अक्टूबर 2013 को रखी गई थी। उस समय नरेंद्र मोदी गुजरात के सीएम थे। प्रतिमा का वजन 1700 टन है और ऊंचाई 522 फीट है। प्रतिमा राम वी. सुतार की निगरानी में बनाई गई। उन्हें वर्ष 2016 में सरकार ने पद्म भूषण से सम्मानित किया था। अगले 15 वर्षों में इसके रखरखाव पर 675 करोड़ रुपए खर्च होंगे।