अयोध्या में 25 को धर्मसभा

लखनऊ। 25 नवंबर को अयोध्या में करीब दो लाख लोगों के जुटने की संभावना है। विश्व हिंदू परिषद, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और शिवसेना के पदाधिकारी व कार्यकर्ता अयोध्या पहुंच रहे हैं। 1992 के बाद यह पहला मौका है जब अयोध्या में इतनी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हो रहे हैं।
राम मंदिर निर्माण के मुद्दे पर संघ और विहिप द्वारा 25 नवंबर को धर्मसभा का आयोजन किया गया है। जिसमें आरएसएस के स्वयंसेवक भी बड़ी संख्या में शामिल हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि पूरे आयोजन की कमान संघ के हाथों में ही है। शिवसेना के नेता और कार्यकर्ता भी इसी मुद्दे पर वहां पहुंच रहे हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शासन ने अयोध्या में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया है। शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे व उनके पुत्र आदित्य ठाकरे विमान से आज शनिवार को अयोध्या पहुंचे जबकि कार्यकर्तागण ट्रेनों से मुंबई व अन्य स्थानों से रवाना हो चुके हैं।संघ और विहिप ने दावा किया है कि धर्मसभा में दो लाख लोग जुटेंगे। संतगण भी बड़ी संख्या में अयोध्या पहुंच रहे हैं। धर्मसभा में राम मंदिर निर्माण के संबंध में चर्चा की जाएगी।