युवक की बातें सुन प्लेन में मचा हड़कम्प

कोलकाता। कोलकाता से मुंबई जा रही जेट एयरवेज की फ्लाइट में एक यात्री को आतंकी होने से संबंधित टेक्स्ट मेसेज टाइप करते और इस बारे में बात करते सुने जाने के बाद हड़कम्प मच गया। विमान को तुरंत सेफ एरिया में ले जाया गया। सीआईएसएफ ने युवक को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की जा रही है। विमान को कोलकाता में ही रोक लिया गया। अब विमान की पूरी जांच के बाद ही उड़ान की अनुमति दी जाएगी। 

सुरक्षाकर्मियों ने युवक का नाम जे. पोत्दार बताया है। वह अपने कुछ साथियों के साथ यात्रा कर रहा था। युवक के समीप ब्रिटिश नागरिक बैठा था। युवक मोबाइल पर तथा विमान में बैठे अपने साथियों के साथ चर्चा में बार-बार टेररिस्ट शब्द का उपयोग कर रहा था। ब्रिटिश नागरिक ने क्रू मेंबर्स को यह बात बताई। इसके बाद क्रू मेंबर्स ने तुरंत सिक्योरिटी अलर्ट किया। प्लेन को रन वे से हटा कर सेफ जोन में ले जाया गया। वहां सीआईएसफ की टीम प्लेन में पहुंची और युवक को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक ने कहा है कि वह तो अपने साथियों के साथ मजाक कर रहा था। उसका किसी आतंकी संगठन से कोई संबंध नहीं है। प्लेन में बैठे उसके साथी भी मजाक में ऐसी बातें कर रहे थे। उनकी बातों को गलत समझ लिया गया। सुरक्षाकर्मी युवक के साथियों से भी पूछताछ कर रहे हैं। सुरक्षा के मद्देनजर विमान को रोक लिया गया और उसकी गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि आतंकियों की गतिविधियों को देखते हुए किसी भी प्रकार की सूचना को गंभीरता से लिया जा रहा है। विमान को बिना जांच के रवाना नहीं किया जा सकता।