पहाड़ों पर तापमान गिरा, मैदानी क्षेत्र की बारी

नई दिल्ली। उत्तर भारत के पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी के साथ ही मैदानी इलाकों में हुई बारिश से कई क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है। उत्तराखंड में हिमपात के साथ ही ठंडी हवाओं से लोग ठिठुर रहे हैं।

शिमला और मसूरी में इस मौसम की पहली बर्फबारी हुई। बर्फबारी देख पर्यटक खुशी से झूम उठे, वहीं पर्यटकों और होटल कारोबारियों के चेहरे भी चमकते दिखाई दिए क्योंकि बर्फबारी का आनंद लेने के लिए आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी। उत्तराखंड के मौसम विभाग के अनुसार केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री सहित 2500 मीटर एवं उससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर एक फीट बर्फबारी हुई। जबकि निचले इलाकों में हल्की बारिश हुई है। चकराता और मसूरी के निकट धनोल्टी में भी बर्फबारी हुई है।
शिमला जिले में स्थित एक अन्य पर्यटक स्थल कुफरी में 7 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। चंबा जिले के डलहौजी पर्यटक स्थल पर डेढ़ सेंटीमीटर बर्फबारी हुई, जबकि किन्नौर में कालपा और लाहौल-स्पीति जिले में केलांग में क्रमश: 6 सेंटीमीटर और 3 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। कश्मीर घाटी में गुलमर्ग में रात का न्यूनतम तापमान शून्य से आठ डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पूर्ववर्ती रात की तुलना में 1.4 डिग्री सेल्सियस नीचे है। काजीकुंड में न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि नजदीकी कोकेरनाग शहर का न्यूनतम तापमान शून्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वहीं दक्षिण कश्मीर में स्थित पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.0 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। लद्दाख क्षेत्र में स्थित लेह शहर में न्यूनतम तापमान शून्य से 9.1 डिग्री सेल्सियस नीचे जबकि नजदीकी करगिल शहर में न्यूनतम तापमान शून्य से 9.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।