सोनू निगम ने पाकिस्तान की तरफदारी क्यों की?

मुंबई। मशहूर गायक सोनू निगम के ताजा बयान ने उन्हें एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है। एक इन्टरव्यू के दौरान उन्होंने कहा कि काश, उनका जन्म भारत में न होकर पाकिस्तान में होता तो अच्छा होता। इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर लोग जमकर प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे हैं।

सोनू निगम कहा कि भारत में गायकों के साथ गलत होता है। म्यूजिक कंपनियां गायकों से पैसे वसूल करती हैं जबकि पाकिस्तान में ऐसा नहीं होता है। पाकिस्तान में गायकों से किसी भी प्रकार की अतिरिक्त फीस नहीं ली जाती। भारत में म्यूजिक कंपनियां गायकों से फीस वसूल करती हैं। फीस देने पर ही उन्हें गाने का अवसर प्रदान किया जाता है। अगर हम पाकिस्तान से होते तो अच्छा होता क्योंकि पाकिस्तानी गायकों के साथ इंडियन म्यूजिक कंपनियां इस तरह का बर्ताव नहीं करती हैं। आतिफ असलम और राहत फतेह अली खान के बारे में बात करते हुए सोनू ने कहा कि पाकिस्तानी गायकों को यह नहीं कहा जाता कि गाना गाने के लिए पैसे दो। म्यूजिक कंपनियों की इन्ही हरकतों के कारण बॉलीवुड फिल्मों में अच्छे गाने नहीं बन पा रहे हैं। पहले नया संगीत बनाया जाता था लेकिन अभी सिर्फ रीमिक्स बनता है।