आज सबसे छोटा दिन और सबसे लंबी रात

मुंबई। आज 21 दिसंबर का दिन साल का सबसे छोटा दिन है और आज की रात इस साल की सबसे लंबी रात होगी। आज के बाद से दिन की अवधि बढ़ने के साथ-साथ ठंड भी बढ़ने लगेगी। इसे दिसंबर दक्षिणायन कहा जाता है।
वैज्ञानिकों के अनुसार धरती झुके हुए अक्ष पर घूमती है और इसी कारण उक्त स्थिति निर्मित होती है। एक वर्ष में 6 माह तक सूर्य उत्तरी ध्रुव की ओर झुका होता है और बाकी 6 माह तक दक्षिण ध्रुव की ओर। इसी से पृथ्वी पर मौसम बदलता है। पृथ्वी पर जिस ओर सूर्य का प्रकाश ज्यादा पहुंचेगा, उस क्षेत्र में गर्मी का मौसम होगा। जिस तरफ सूर्य का प्रकाश कम पहुंचेगा, वहां ठंड का मौसम रहेगा। पृथ्वी अपने अक्ष पर साढ़े 23 डिग्री झुकी हुई है, जिसके कारण सूर्य की दूरी उत्तरी गोलार्द्ध से अधिक हो जाती है।
दिसंबर दक्षिणायन के दौरान दक्षिणी गोलार्द्ध को सूर्य का प्रकाश ज्यादा मिलता है जबकि उत्तरी गोलार्द्ध को कम। 21, 22 या 23 दिसंबर में से किसी एक दिन उत्तरी गोलार्द्ध में दिन पूरे साल में सबसे छोटा और रात सबसे लंबी होती है। शीत ऋतु में होने वाली इस घटना के समान ही गर्मी के मौसम में भी एक दिन ऐसा आता है जब पूरे वर्ष में दिन सबसे बड़ा और रात सबसे छोटी होती है। 21, 21 अथवा 22 जून में से किसी एक दिन ऐसा होता है। इस दौरान सूर्य का प्रकाश उत्तरी गोलार्द्ध में ज्यादा और दक्षिणी गोलार्द्ध में कम पड़ता है। दिन की लंबाई भूमध्य रेखा से नजदीकी के आधार पर तय होती है। भूमध्य रेखा से उत्तर की ओर जितना दूर होते जाएंगे उतना छोटा दिन होगा और जितना दक्षिण की ओर जाएंगे उतना लंबा दिन होता जाएगा।