नेताओं के घरों पर बम फेंके

तिरुवनंतपुरम। सबरीमाला मंदिर में महिलाओं के प्रवेश के खिलाफ केरल में हिंसक प्रदर्शन तेज होते जा रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने माकपा के थालासेरी विधायक ए.एन. शमसीर के निवासी पर बीती रात बम फेंके। इससे पहले भाजपा सांसद वी. मुरलीधरन, माकपा के कन्नूर जिलासचिव पी. शशि और पार्टी कार्यकर्ता विशक के घरों पर भी बम फेंके गए। विस्फोट में विशक गंभीर घायल हो गए।
उल्लेखनीय है कि सुप्रीम कोर्ट ने करीब तीन महीने पहले मंदिर में हर उम्र की महिलाओं को प्रवेश की अनुमति दी थी। भाजपा और हिंदू संगठन इस फैसले का विरोध कर रहे हैं। वहीं, राज्य की माकपा सरकार कोर्ट के फैसले को लागू कराने के पक्ष में है। सबरीमाला मंदिर में 2 जनवरी को 50 साल से कम उम्र की दो महिलाओं बिंदु और कनकदुर्गा ने प्रवेश किया था। इसके बाद मंदिर का शुद्धिकरण किया गया था। मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने महिला श्रद्धालुओं को पूरी सुरक्षा देने के निर्देश दिए थे। इस घटना के बाद हिंसक प्रदर्शनों में तेजी आई। हमले में मंदिर समिति के एक कार्यकर्ता की मौत भी हो चुकी है। माकपा ने उसके नेताओं के निवास पर हुए हमलों के लिए आरएसएस को जबकि भाजपा ने माकपा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया है। राज्य में अब तक 1738 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। 1108 प्रदर्शनकारियों के विरुद्ध केस दर्ज किए गए हैं। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राज्य में रविवार को होने वाला दौरा टाल दिया गया है।