श्रमिकों को 3 हजार रुपए पेंशन

नई दिल्ली। एनडीए सरकार के कार्यकाल का अंतिम बजट आज लोकसभा में पेश किया जा रहा है। वित्त मंत्री अरुण जेटली के अस्वस्थ होने के कारण वित्त मंत्रालय का कार्यभार फिलहाल केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के पास है। पीयूष गोयल अंतरिम बजट पेश कर रहे हैं। जिसमें नए वित्त वर्ष के शुरूआती चार महीनों के खर्च के लिए संसद से मंजूरी ली गई है। लोकसभा चुनाव के बाद जुलाई में नई सरकार पूर्ण बजट पेश करेगी।
गोयल ने बजट पेश करते हुए कहा कि नई पेंशन स्कीम में सरकार के योगदान को 4 से बढ़ाकर 14 प्रतिशत कर दिया है। जो लोग 21 हजार रुपए प्रतिमाह कमाते हैं उन्हें बोनस मिलेगा। बोनस की राशि 7 हजार रुपए तक होगी। ग्रैच्युटी की सीमा 10 लाख से बढ़ाकर 20 लाख कर दी गई है।
- प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के तहत गैर-संगठित क्षेत्र के श्रमिकों को 3 हजार रुपए पेंशन प्रतिमाह मिलेगी। 60 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके श्रमिकों को यह लाभ मिलेगा।
- 5 एकड़ तक की कृषि भूमि वाले किसानों के बैंक खाते में प्रति वर्ष 6 हजार रुपए दिए जाएंगे। यह राशि 2 हजार रुपए की तीन बराबर किश्तों में दी जाएगी। करीब 12 करोड़ किसानों को लाभ मिलेगा। योजना 1 दिसंबर 2018 से ही लागू की जाएगी। इस योजना पर करीब 75 हजार करोड़ रुपए खर्च होंगे। यह राशि केंद्र सरकार देगी।
- प्राकृतिक आपदा से प्रभावित होने वाले किसानों को 2 प्रतिशत ब्याज और समय पर कर्ज लौटाने पर 3 प्रतिशत अतिरिक्त ब्याज माफी का लाभ मिलेगा।
-पशुपालन और मछली पालन करने वाले किसानों को क्रेडिट कार्ड के माध्यम से लिए जाने वाले ऋण के ब्याज में 2 प्रतिशत की छूट मिलेगी।
- रक्षा क्षेत्र के लिए 3 लाख करोड़ रुपए का आवंटन किया गया है। जरुरत पड़ने पर अधिक राशि दी जाएगी।
- श्रमिक की मौत होने पर ढाई लाख की बजाय 6 लाख रुपए मुआवजा दिया जाएगा।