आचार संहिता: केंद्रीय मंत्री पर केस दर्ज

रांची। छात्रों से अपनी सरकार के पक्ष में पांच और वर्ष के लिए आशीर्वाद मांगने पर एक केंद्रीय मंत्री कानूनी मामले में उलझ गए। यह उलझन केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा के साथ हुई है। उनके खिलाफ चुनाव आचार संहिता उल्लंघन के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप है कि सिन्हा ने आईआईएम रांची के दीक्षांत समारोह में पांच और वर्ष के लिए अपनी सरकार के लिए छात्रों से आशीर्वाद मांगा था। विवाद यहीं से शुरू हुआ। शिकायत जिला निर्वाचन अधिकारी तक पहुंची। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर रांची के खेलगांव थाने में केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 188 एवं जन प्रतिनिधित्व कानून की धारा 123 के तहत केस दर्ज किया गया है। उल्लेखनीय है कि चुनाव आयोग ने सभी प्राशासनिक अधिकारियों को आचार संहिता का पालन सख्ती से करने के निर्देश दिए हैं।