फिल्म अभिनेत्री जयाप्रदा भाजपा में

नई दिल्ली। दूसरे चरण के चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने का आज मंगलवार को आखिरी दिन है। पूरे देश में राजनीतिक हलचल तेज है। कांग्रेस ने महाराष्ट्र के लिए स्टार प्रचारकों की सूची आज जारी कर दी। उधर उत्तरप्रदेश में एसपी-बीएसपी गठबंधन में दो और पार्टियां शामिल हो गईं। मशहूर अभिनेत्री जयाप्रदा ने आज बीजेपी का दामन थाम लिया। वे संभवत: उत्तरप्रदेश के रामपुर से सपा नेता आज खान के सामने चुनाव मैदान में उतरेंगी।
जयाप्रदा ने भाजपा के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र यादव और अनिल बलूनी की मौजूदगी में भाजपा में शामिल होने की घोषणा की। जयाप्रदा समाजवादी पार्टी से रामपुर सीट से दो बार सांसद रही हैं और भाजपा इस बार उन्हें वहीं से चुनाव लड़ा सकती है। जयाप्रदा वर्ष-2004 और 2009 में रामपुर से सांसद रह चुकी हैं। दोनों ही बार जया ने कांग्रेस की बेगम नूर बानो को हराया था। वर्ष 1994 में फिल्म अभिनेता से नेता बने आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एनटी रामाराव ने जयाप्रदा के राजनीतिक जीवन की शुरूआत कराई थी। वे जयाप्रदा को तेलगु देशम पार्टी में लाए थे। बाद में जया रामाराव का साथ छोड़ तेलगु देशम के चन्द्रबाबू नायडु गुट में शामिल हो गईं थीं। 1996 में जया आन्ध्र से राज्यसभा पहुंची। बाद में चन्द्रबाबू से भी उनके मतभेद सामने आए और फिर उन्होंने तेलगु देशम छोड़ दी तथा समाजवादी पार्टी में शामिल हो गईं। अब सपा छोड़ कर वे भाजपा की ओर से मैदान संभालेंगी।