अनिल कपूर ने भी नहीं किया था मतदान

मुंबई। फिल्मी सितारों ने मतदान के लिए आम लोगों को प्रेरित किया लेकिन कई सितारों ने खुद ही मतदान नहीं किया। अभिनेता अनिल कपूर ने अब बताया है कि वे मतदान क्यों नहीं कर सके। मतदान वाले दिन वे पत्नी के साथ म्युनिख में थे।
उल्लेखनीय है कि अभिनेता अक्षय कुमार ने भी मतदान के लिए मतदाताओं को प्रेरित किया लेकिन जब यह सवाल उठा कि अक्षय ने स्वयं मतदान क्यों नहीं किया तब यह जानकारी सामने आई कि अक्षय कनाडा के नागरिक हैं। इसी प्रकार गायिका पलक मुछाल ने भी मतदान करने के लिए खूब प्रचार किया लेकिन बाद में यह जानकारी सामने आई कि पलक ने खुद मतदान नहीं किया। इसी प्रकार अनिल कपूर भी मतदान नहीं करने वाले अभिनेताओं की सूची में शामिल हैं। गत दिवस अनिल कपूर ने बताया कि वे मतदान वाले दिन पत्नी के साथ म्यूनिख में थे और इस कारण वे मतदान नहीं कर सके। उन्होंने जर्मनी स्थित भारतीय दूतावास में भी संपर्क किया था लेकिन वहां भारतीय नागरिकों के लिए मतदान की कोई व्यवस्था नहीं थी। अनिल कपूर ने बताया कि वे इलाज के लिए म्युनिख गए थे। इसके लिए उन्होंने करीब डेढ़ वर्ष पहले अपॉइंटमेंट लिया था।