गर्मी की तपन और बढ़ेगी

नई दिल्ली। देश के अधिकांश हिस्से वर्तमान में भीषण गर्मी के प्रकोप का सामना कर रहे हैं। सूरज की तपन इतनी ज्यादा हो चुकी है कि लोग सहन नहीं कर पा रहे हैं। लू के प्रकोप से अब तक देश में 59 लोगों की जान जा चुकी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए दिल्ली और कई अन्य क्षेत्रों के लिए आॅरेंज अलर्ट जारी किया है। गर्मी की तपन अभी और तेज होगी।
मौसम विभाग लोगों को सचेत करने के लिए अलग-अलग रंगों का अलर्ट जारी करता है। वर्तमान में तीन दिनों के लिए दिल्ली व अन्य कई क्षेत्रों के लिए आॅरेंज अलर्ट जारी किया गया है इसका अर्थ है विषम परिस्थितियों के लिए तैयार रहें। गर्मी की तपन औरा तेज होने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान के चुरू में सबसे ज्यादा 47.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। राजधानी दिल्ली में अगले दो से तीन दिनों में तापमान 46 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। फिलहाल दिल्ली में तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। देश के अधिकांश क्षेत्रों में तापमान सामान्य से अधिक है। मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान से आ रही गर्म हवा ने मध्यप्रदेश में गर्मी और बढ़ा दी है। अगले कुछ दिनों तक यही हालात बने रहेंगे। मप्र में खजुराहो सबसे गर्म रहा, जहां का तापमान 45.5 डिग्री दर्ज किया गया।