युवाओं को हृदय रोग से बचा सकता है योग : मोदी

नई दिल्ली। पांचवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को झारखंड के रांची में योग किया। उनके साथ करीब 40 हजार लोगों ने भी योग किया। उन्होंने कहा कि योग हमें विभिन्न प्रकार की बीमारियों से बचाता है और स्वस्थ रखता है। युवाओं में हृदय रोग के मामले बढ़ रहे हैं, उन्हें इससे योग ही बचा सकता है।
योग दिवस पर पीएम मोदी ने संबोधित करते हुए कहा कि योग को लोकप्रिय बनाने के लिए समाज के हर वर्ग तक योग को ले जाना चाहिए। शांति और सौहार्द्र योग से जुड़े हैं। विश्वभर में लोगों को अनिवार्य रूप से योग करना चाहिए। यह हमेशा से हमारी संस्कृति का हिस्सा रहा है, इसके प्रसार के लिए हमें साथ आना चाहिए। आज योग ड्राइंग रूम से बोर्डरूम तक, शहरों के पार्क से लेकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तक पहुंच गया है। प्रधानमंत्री ने युवाओं के दिल की बीमारियों के चपेट में आने के बढ़ते मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि योग इस बीमारी के रोकथाम में अहम भूमिका निभा सकता है इसलिए इस साल की थीम योग फॉर हॉर्ट (हृदय के लिए योग) रखी गई है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने हरियाणा के रोहतक में मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर के साथ योग किया। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने दिल्ली के राजपथ पर तथा लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला ने संसद परिसर में योग किया। जम्मू कश्मीर में बीएसएफ के जवानों ने योग किया। आईटीबीपी के जवानों ने लद्दाख में -20 डिग्री तापमान में योग किया।