16 वर्ष के सौरभ ने स्वर्ण पदक जीता

जकार्ता। 18वें एशियाई खेलों के तीसरे दिन मंगलवार को भारत को एक और बड़ी सफलता मिली। शूटिंग में भारत ने पहला स्वर्ण पदक जीता। 16 वर्षीय सौरभ चौधरी ने 10 मीटर एयर पिस्टल में यह पदक जीता। स्पर्धा का कांस्य पदक भी भारत ने ही जीता। भारत के अभिषेक वर्मा ने कांस्य पदक पर कब्जा किया। जापान के तोमोयुकी मात्सयुदा ने रजत पदक जीता। एशियाई खेलों में भारत ने अब तक 3 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य पदक जीते हैं। सोमवार को महिला पहलवान विनेश फोगाट (50 किग्रा) ने कुश्ती में स्वर्ण पदक जीता था। एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली वे पहली महिला पहलवान हैं।