चीन ने फिर दी धमकी- युद्ध का काउंटडाउन शुरू हो चुका है

पेइचिंग। डोकलाम को लेकर चीन के सरकारी अखबार ने भारत को चेतावनी देते हुए कहा है कि युद्ध का काउंटडाउन अब शुरू हो चुका है। उधर केंद्रीय रक्षा मंत्री अरुण जेटली ने राज्यसभा में कहा कि सेना हर हालात से निपटने में सक्षम है। चीनी अखबार ने लिखा है कि डोकलाम में अगर भारत ने सेना को पीछे नहीं किया तो बाद में उसके पास खुद को कोसने के सिवा कुछ नहीं बचेगा। युद्ध का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। समय आगे बढ़ रहा है जहां समाधान का रास्ता नहीं बचेगा। दोनों देशों के बीच गतिरोध सातवें हफ्ते में प्रवेश कर रहा है और इसी के साथ शांतिपूर्ण हल का रास्ता बंद होता जा रहा है। भारत ने लगातर चीन की चेतावनियों को नजरअंदाज किया है। उधर रक्षा मंत्री अरुण जेटली ने राज्यसभा में कहा कि सेना किसी भी चुनौती से निपटने में सक्षम है। 1962 के युद्ध से सबक लिया गया है। पिछले दशकों में भारत के सामने कई चुनौतियां खड़ी हुईं, लेकिन हम गर्व के साथ कह सकते हैं कि प्रत्येक चुनौती के साथ देश मजबूत होता गया। मुझे पूरा विश्वास है कि हमारे सैनिक देश को सुरक्षित रखने की क्षमता रखते हैं, चाहे चुनौतियां पूर्वी सीमा पर हों या पश्चिमी सीमा पर। उन्होंने कहा कि देश के लोग चाहते हैं कि 1948 में जम्मू-कश्मीर के जिस हिस्से पर पाकिस्तान द्वारा कब्जा किया गया था उसे वापस हासिल किया जाए।