भारतीय छात्रों की फीस 85 हजार करोड़ रुपए

मुंबई। भारत में उच्च शिक्षा के लिए सरकार द्वारा जितना बजट रखा जाता है उससे लगभग दोगुने से भी अधिक राशि तो भारतीय छात्र हर वर्ष अमेरिका में पढ़ाई पर खर्च कर रहे हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका को हर वर्ष भारतीय छात्रों से करीब 85 हजार करोड़ रुपए की आय हो रही है। यह तो केवल अमेरिका का आंकड़ा है, अन्य देशों में पढ़ रहे छात्रों की फीस भी इसमें मिला दी जाए तो कुल राशि सरकार के बजट से कई गुना अधिक है।

चालू वित्तीय वर्ष में केंद्र सरकार का उच्च शिक्षा विभाग का बजट 35 हजार करोड़ का है। अमेरिकी सरकार द्वारा जारी ओपन डोर्स रिपोर्ट के अनुसार इस वर्ष 1 लाख 96 हजार 271 भारतीय छात्र अमेरिका में पढ़ रहे हैं। विश्व के उच्च शिक्षा संस्थानों की रैंकिंग तय करने वाली संस्था टाइम्स हायर एजुकेशन के अनुसार अमेरिकी उच्च शिक्षा संस्थानों में ट्यूशन फीस साढ़े 3 लाख से लेकर 35 लाख रुपए तक है। औसत फीस करीब साढ़े 23 लाख रुपए है। इसके अलावा प्रत्येक छात्र को आवास और भोजन पर हर वर्ष औसतन पौने 8 लाख रुपए खर्च करना पड़ते हैं। किसी भी विदेशी छात्र के लिए कुल औसतन खर्च 59.78 हजार अमेरिकी डॉलर है। रुपयों में यह राशि करीब 42 लाख रुपए है। 1 लाख 96 हजार 271 छात्रों के आधार पर कुल फीस की गणना करें तो यह राशि करीब 85 हजार करोड़ रुपए होती है।