किसकी संपत्ति 1.1 लाख करोड़ बढ़ी

वॉशिंगटन। प्रतिवर्ष फोर्ब्स द्वारा जारी की जाने वाली विश्व के अरबपतियों की लिस्ट में अमेजन के फाउंडर जेफ बेजोस पहले नंबर पर पहुंच गए हैं। उनकी संपत्ति 112 अरब डॉलर (करीब 7.5 लाख करोड़ रुपए) है। वे 100 अरब डॉलर से ज्यादा संपत्ति वाले पहले अरबपति भी बन गए हैं। उन्होंने माइक्रोसॉफ्ट के फाउंडर बिल गेट्स को पीछे छोड़ा है। भारत के उद्योगपति मुकेश अंबानी 40.1 अरब डॉलर (करीब 2.61 लाख करोड़ रुपए) की संपत्ति के साथ 19 वें नंबर पर हैं। मुकेश अंबानी की संपत्ति में करीब 17 अरब डॉलर (1.1 लाख करोड़ रुपए) का इजाफा हुआ है। वे लिस्ट में 14 पायदान ऊपर गए हैं। पिछली बार वे 33वें नंबर पर थे।
लिस्ट में विश्व के 2208 अरबपतियों को शामिल किया गया है। इनमें 119 भारतीय हैं। सबसे ज्यादा 585 अरबपति अमेरिका में हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति और कारोबारी डोनाल्ड ट्रम्प 200 पायदान नीचे आ गए हैं। उनकी दौलत 3.1 अरब डॉलर है। वे लिस्ट में 766वें नंबर पर हैं। पिछले साल से उनकी दौलत में 40 करोड़ डॉलर की कमी आई है। 373 अरबपतियों के साथ चीन दूसरे नंबर पर है। भारत में 102 अरबपति हैं। अजीम प्रेमजी ने लक्ष्मी निवास मित्तल को पीछे छोड़ दिया है। पिछली बार वे 72वें नंबर पर थे और इस बार 58वें नंबर पर। भारतीय अरबपतियों में वे दूसरे नंबर पर हैं। लक्ष्मी निवास मित्तल की रैंक में आठ पॉइंट्स की गिरावट आई है। जिंदल पॉवर एंड स्टील की मालिक सावित्री जिंदल 8.8 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ भारत की सबसे अमीर महिला हैं। लिस्ट में वे 176वें नंबर पर हैं। भारती एयरटेल के सुनील मित्तल भी 176वें नंबर पर ही हैं और उनकी संपत्ति भी 8.8 अरब डॉलर है। भारत में सबसे ज्यादा 16 अरबपति फार्मा सेक्टर से हैं। कंज्यूमर गुड्स सेक्टर से 15, रियल एस्टेट सेक्टर में 9 और सॉफ्टवेयर सर्विस में 8 अरबपति हैं।