उत्तर कोरिया को ईंधन आपूर्ति में 30 प्रतिशत की कटौती

वॉशिंगटन। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने उस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है जिसके तहत उत्तर कोरिया पर अब तक के सबसे कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं। उत्तर कोरिया के बड़े निर्यातों को निशाना बनाने के साथ ही उसे तेल की आपूर्ति में 30 प्रतिशत की कटौती की जाएगी। प्रस्ताव का मसौदा अमेरिका ने तैयार किया है। 15 सदस्यीय सुरक्षा परिषद ने इसे सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी है। संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की राजदूत निकी हेली ने कहा कि परमाणु हथियारों से लैस उत्तर कोरिया को हम कभी स्वीकार नहीं करेंगे। सुरक्षा परिषद ने भी निर्णय लिया है कि अगर उत्तर कोरिया ने परमाणु कार्यक्रम बंद नहीं किया तो हम उसे रोकने के लिए खुद कदम उठाएंगे। हेली ने कहा कि अब अंतरराष्ट्रीय समुदाय उत्तर कोरिया के परमाणु हथियार कार्यक्रमों को ईंधन और धन मुहैया करवाने वाले साधनों को निशाना बना रहा है। उत्तर कोरिया के परमाणु हथियार बनाने और वितरित करने में तेल की मुख्य भूमिका है। उक्त प्रस्ताव के तहत गैस, डीजल और भारी ईंधन तेल में 55 प्रतिशत तक कटौती करने से उत्तर कोरिया को मिलने वाले तेल में 30 प्रतिशत तक की कमी आएगी। इस प्रस्ताव के तहत प्राकृतिक गैस और तेल के अन्य सह-उत्पादों पर भी पूरी तरह रोक लगाई जाएगी जिनका इस्तेमाल पेट्रोलियम घटने की स्थिति मे विकल्प के तौर पर किया जा सकता है। इससे गहरा प्रभाव पड़ेगा। हेली ने कहा कि उत्तर कोरिया पर लगाए ये अब तक के सबसे कड़े प्रतिबंध हैं।